मथुरा/वृंदावन। वृंदावन के गांव अक्रूर के जंगल में तीन दिन पूर्व पेड़ पर लटका मिला शव महेंद्र शर्मा का था, जो कि ओमैक्स में सिक्योरिटी गार्ड था। वृंदावन की कांशीराम कॉलोनी के रहने वाले महेंद्र के भाई ने पोस्टमार्टम गृह पर पहुंचकर शिनाख्त की। पुलिस बता रही है महेंद्र ने सुसाइड किया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण भी हैंगिंग आया है।
कोतवाली वृंदावन के गांव अक्रूर के जंगल में दो मार्च की शाम को पेड़ से लटका हुआ शव मिला था। कोतवाली पुलिस ने शव कब्जे में लिया था और तलाशी में जेब से महेंद्र शर्मा लिखी एक पर्ची मिली थी। पुलिस मृतक की शिनाख्त को जुटी, पर कामयाबी नहीं मिल सकी। शुक्रवार को मृतक के भाई रघुनंदन शर्मा ने पोस्टमार्टम गृह पर पहुंचकर शिनाख्त कर ली। इससे पूर्व रघुनंदन कोतवाली वृंदावन में गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए गया था। कोतवाली प्रभारी अनुज कुमार ने बताया कि महेंद्र ओमैक्स में सिक्योरिटी गार्ड था। एक मार्च को ड्यूटी कर निकला, फिर घर नहीं लौटा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग आया है।