वृंदावन (मथुरा)। गांव राजपुर में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुरालीजनों पर दहेज के लिए हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के आने से पहले ही ससुरालीजन घर छोड़कर भाग गए, लेकिन पति को हिरासत में ले लिया गया है।
नगला मौजा हाथरस निवासी भगवान सिंह ने बताया कि उसने अपनी बेटी पूजा का विवाह राजपुर निवासी मनोज पुत्र बसंत के साथ किया था, जिसमें उसने अपनी हैसियत के हिसाब से दहेज भी दिया था। लेकिन ससुरालीजन लगातार उसकी बेटी से दहेज की मांग को लेकर मारपीट करते थे। मंगलवार को उनके पास ससुराल से फोन आया कि उनकी बेटी की अचानक मौत हो गयी है। जब वह वृंदावन आए तो उन्हें बेटी के गले पर रस्सी व चोट के निशान मिले। इसकी सूचना उन्होंने तत्काल पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मौके से रस्सी भी बरामद की है। इस मामले में मृतका के भाई सूर्या कुमार ने पुलिस को दहेज के लिए हत्या किए जाने की तहरीर दी है। पुलिस के पहुंचने पर सभी ससुरालीजन घर से भाग गए। सूचना के आधार पर पुलिस ने मृतका के पति मनोज को हिरासत में ले लिया है। भाई सूर्या कुमार ने यह भी बताया कि उक्त परिवार में इन्हीं कारणों से उसकी एक अन्य बहन आरती का तलाक हो चुका है।