मथुरा/बलदेव। महावन के श्रीकृष्ण हरिदास इंटर कॉलेज के पीछे झाड़ियों में रविवार को युवक का शव मिला। उसकी पीठ में गोली मारी गई, उससे पहले बाइक के एक्सीलेटर के तार से गला भी घोंटा गया। फिर सिर और गले को ईंट से कुचला गया है। देर शाम मृतक की शिनाख्त हो गई।
रविवार की दोपहर महावन पुलिस को सूचना मिली कि खून से लथपथ युवक का शव महावन के श्रीकृष्ण हरिदास इंटर कॉलेज के पीछे झाड़ियों में पड़ा हुआ है। सूचना पर पहुंचे महावन पुलिस और एसपी देहात श्रीश चंद ने आसपास के इलाके को सील कर दिया। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर भी मौके पर पहुंच गए। अधीनस्थों को तत्काल शव की शिनाख्त करके हत्याकांड का खुलासा करने के निर्देश दिए।
एसपी देहात श्रीश चंद ने बताया कि युवक की पीठ में सटाकर गोली मारी गई है। वहीं बाइक के एक्सीलेटर के तार से गला भी घोंटा गया है। इसके बाद सिर और गले पर ईंट से प्रहार किया गया है। शव के पास में ही तमंचा, एक कारतूस और चाबी भी मिली है। वहीं देर शाम मृतक की शिनाख्त उदित नारायण शर्मा (20) पुत्र महेश चंद शर्मा निवासी कुमकुम वाटिका टीचर्स कॉलोनी के रूप में हुई है।
प्रेम-प्रसंग में तो नहीं उतारा मौत के घाट
पुलिस के अनुसार युवक की हत्या 26 दिसंबर की रात को हुई होगी। जिस प्रकार से बेरहमी से युवक को मौत के घाट उतारा गया, उसके पीछे प्रेम-प्रसंग का मामला प्रतीत हो रहा है।
फोरेंसिक टीम ने महत्वपूर्ण तथ्य जुटाए
युवक की बेरहमी से हत्या करके शव को झाड़ियों में फेंकने की सूचना पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने आसपास से महत्वपूर्ण तथ्य जुटाए हैं। खून से सनी ईंट और तमंचे के साथ खाली कारतूस को भी कब्जे में लिया है।
नहीं छोड़ी पहचान की कोई भी चीज
हत्यारोपियों ने युवक की जामा तालाशी भी ली। मृतक की जींस की पेंट की जेब में कुछ भी ऐसा नहीं छोड़ा था, जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस को मृतक की जेब से कुछ ऐसा नहीं मिला। एक चाबी मिली है जो कि मृतक के घर की प्रतीत हो रही है।
- शव की शिनाख्त कर ली गई है। हत्याकांड का जल्द खुलासा किया जाएगा। थाना महावन समेत चार टीमों को खुलासे के लिए लगाया है। जल्द ही हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। - डॉ. गौरव ग्रोवर, एसएसपी।