कोसीकलां (मथुरा)। तीन माह पूर्व पुलिस पर हमला कर दरोगा और एक राहगीर को घायल कर भाग जाने वाले इनामी हथियार तस्कर शाहरूख को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया। उससे घटना में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद किया है।
28 जनवरी को गांव नगला सिरौली अवैध हथियार तस्करों को पकड़ने गए दरोगा अजय अवाना व पुलिस टीम पर हथियार तस्करों ने हमला बोल दिया था। जिसमें दरोगा घायल हो गए थे। जबकि हताना निवासी राहगीर अमर सिंह को गोली लगी गई थी। अमर सिंह की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी। इस मामले में भूर्री उर्फ शाहरुख मुख्य आरोपियों में शामिल था।
पुलिस इस मामले में तेजी से उसकी तलाश में जुटी हुई थी। शु्क्रवार की रात इंस्पेक्टर आजादपाल सिंह को मुखबिर ने वांछित चल रहे 25 हजार के इनामी अभियुक्त भूर्री उर्फ शाहरुख पुत्र इलियास निवासी नगला सिरौली के गांव में आने की खबर दी। इंस्पेक्टर आजाद पाल सिह ने दरोगा सुदीप कुमार, धीरज गौतम व राजवीर सिंह को साथ लेकर रास्ते में चौडरस नाले के पुल के पास जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से तमंचा 315 बोर व कारतूस बरामद किया हैं। आरोपी के खिलाफ थाना में ही हत्या, हत्या के प्रयास, बलवा व आर्म्स एक्ट के पांच मामले दर्ज हैं।