सौंख (मथुरा)। मगोर्रा के गांव डोमपुरा से विगत दो दिन पूर्व भूसा बनाने की मशीन लेने गया बाइक सवार युवक अभी तक घर नहीं लौटा है। परिजनों ने युवक के अपहरण की आंशका जताई है। इसे लेकर पीड़ित पक्ष ने मागोर्रा थाने में तहरीर दी है।
गांव डोमपुरा निवासी यतेंद्र (25 वर्ष) पुत्र देवी सिंह बुधवार की सुबह घर से बाइक से भूसा बनाने का रीपर लेने गांव पैंठा गया था। मशीन नहीं मिली तो वह महमदपुर होकर गांव भवनपुरा के लिए चल दिया। रास्ते में बाइक पर सवार तीन युवकों ने रोककर उससे बाइक छीन ली। इसकी रिपोर्ट थाना मगोर्रा में लिखवाने गया। घर पहुंचते ही युवक के पास फोन आया कि तेरी बाइक का क्लेम तैयार कर बीमा के रुपये दिलवा दूंगा।
इसके बाद युवक अपने भाई के साथ गांव शीशराम के रास्ते में पहुंचा। जहां रास्ते में छोड़कर भाई घर चला गया। इसके बाद से यतेंद्र का कोई पता नहीं चला है। देवी सिंह ने थाना मगोर्रा में अपने पुत्र यतेंद्र के अपहरण की आशंका जताते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने अभी मुकदमा दर्ज नहीं किया है। इस बारे में थाना प्रभारी रोहन सिंह का कहना है कि मामले में पीड़ित पक्ष ने तहरीर दी है। इसके आधार पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।