राया थाने में सोनई सीएचसी के चिकित्सक व भाजपा नेता।
- फोटो : MATHURA
राया (मथुरा)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनई पर दवा लेने गए भाजपा मंडल अध्यक्ष को चिकित्साकर्मियों ने पीटकर लहूलुहान कर दिया। मामले में पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दे दी है। सीएचसी के चिकित्सा प्रभारी ने तीन दिन में जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। समाचार लिखे जाने तक मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई थी।
भाजपा मंडल अध्यक्ष नितीश कुमार बृहस्पतिवार को खांसी की दवा लेने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनई पर गए थे। आरोप है कि यहां तीन चिकित्साकर्मियों ने उन्हें कमरे में बंद कर गाली गलौज करते हुए पीटकर लहूलुहान कर दिया। बाद मेें पीड़ित ने मामले की जानकारी अपने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को दी। इस पर राया मंडल अध्यक्ष राकेश बंसल, मुकेश पाठक, सागर कौशिक आदि थाने पहुंच गए और घटना के संबंध में पुलिस को जानकारी दी।
जानकारी होने के बाद प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अनुज चौधरी, राया प्रभारी तुलाराम सहित थाना राया पहुंचे और मंडल अध्यक्ष से बातचीत कर तीन दिन में जांच करा कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है। समाचार लिखे जाने तक घटना घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई थी।