तीर्थनगरी मथुरा में मंगलवार को भारतीय क्रिकेट टीम के ऑल राउंडर कुलदीप यादव परिवार के साथ पहुंचे। वह कड़ी सुरक्षा के बीच वृंदावन स्थित ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर पहुंचे। यहां आराध्य के दर्शन किए। पूजा-अर्चना के बाद आशीर्वाद लिया। ठाकुरजी से भारतीय टीम की लगातार जीत की कामना भी की।
विज्ञापन
मंदिर के सेवायत शैलेंद्र गोस्वामी ने क्रिकेटर कुलदीप और उनके साथ आए माता-पिता और बहन को पहले देहरी पूजन कराया। इसके बाद दीपक जलाकर और इत्र चढ़वाकर पूजन कराया। इस दौरान कुलदीप पूरी तरह कृष्ण भक्ति में नजर आए। सेवायत गोस्वामी ने उन्हें प्रसादी पटुका, माला और भोग प्रदान किया।
क्रिकेटर मास्क लगाकर मंदिर पहुंचे। आराध्य के दर्शन के लिए मास्क उतारा तो लोगों ने उन्हें पहचान लिया। वह उनके साथ सेल्फी लेने लगे। वहीं साथ चल रहे पुलिसकर्मी सुरक्षा की दृष्टि से दूरी बनाने का प्रयास करते रहे। इस मौके पर कुलदीप ने कहा कि उनकी और उनके परिवार की लंबे समय से श्रीबांकेबिहारी में आस्था है। उन्होंने ठाकुरजी से लगातार टीम को सफलता मिलते रहने की कामना की है। उन्होंने होली के अवसर पर बांकेबिहारी के दर्शन मिलना अपना सौभाग्य बताया।