जैन इंटर कालेज में आयोजित बाबू कुंवर बहादुर जैन इंटर स्कूल क्रिकेट चैंपियनशिप का शनिवार को समापन हो गया। फाइनल मैच में जैन इंटर कालेज ने पीएमवी छरौरा को चार विकेट से हराकर चैंपियनशिप अपने नाम कर ली।
क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मैच का शुभारंभ मथुरा क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलदीप भार्गव और कमल चावला ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस दौरान कुलदीप भार्गव और कमल चावला ने बताया कि यूपीसीए में रजिस्ट्रेशन कराने की अंतिम तारीख पांच फरवरी है। इसके ट्रायल जिले में ही होंगे। इच्छुक खिलाड़ी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
इसके बाद हुए मैच में पहले खेलते हुए पीएमवी छरौरा की टीम ने निर्धारित बीस ओवरों में 103 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जैन इंटर कालेज की टीम ने अपने बल्लेबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर चार विकेट से मैच जीत लिया। पंकज ‘मैन ऑफ द मैच’ चुने गए।
पूरी सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले ऋषभ को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया। विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को कुलदीप भार्गव, कमल चावला, रजनीश जैन, संजय जैन, अवनीश जैन और प्रधानाचार्य निखिल अग्रवाल ने पुरस्कार दिए।
बरसाना ने मथुरा को हरा जीता टूर्नामेंट
राधा बिहारी इंटर कालेज मैदान पर आयोजित 31वें आमंत्रण क्रिकेट टूर्नामेंट को बरसाना की टीम ने जीत लिया। शहीद भगत सिंह क्रांति दल द्वारा आयोजित टूर्नामेंट का फाइनल मैच इलेवन स्टार क्रिकेट क्लब बरसाना और मथुरा क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया था।
टास जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए मथुरा की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 132 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इलेवन स्टार बरसाना की टीम ने छह विकेट से मैच जीत लिया। विजेता टीम को दल के संस्थापक पदम सिंह ने ट्रॉफी और 31000 रुपये पुरस्कार दिया।
उपविजेता टीम को 21 हजार रुपये पुरस्कार दिया गया। मैन ऑफ द मैच हरेंद्र को दिया गया। मुख्य अतिथि रालोद के वरिष्ठ नेता कुंवर नरेंद्र सिंह रहे। टूर्नामेंट के आयोजन में दल के कृष्णदयाल गौड़, प्रेमचंद खंडेलवाल, हरिओम छौंकर, शरद शैलेन्द्र, सुमन शर्मा, डॉ. राजेन्द्र आदि का सहयोग रहा।