आर भरतपुर गेट स्थित शंकर गली में क्षतिग्रस्त मकान।
- फोटो : MATHURA
मथुरा। शहर में अंडरग्राउंड बिजली केबल और सीवर लाइन की खोदाई के कारण मकानों में दरारें आने का सिलसिला जारी है। चौबिया पाड़ा में सतघड़ा, मोक्ष गली के बाद अब भरतपुरगेट क्षेत्र के वार्ड संख्या 4 की शंकर गली और किशन टीला क्षेत्र में अफरातफरी मची है। यहां पर करीब एक दर्जन मकानों में दरार आ गई हैं। लोगों का आरोप है कि बिजली की लाइन डालने में की गई लापरवाही के चलते उनके मकान फट रहे हैं।
चार दिन पूर्व वार्ड संख्या 4 में रहने वाले डॉ. रमन टंडन के घर का एक हिस्से में जब दरार दिखी तो उन्हें लगा कि किसी और कारण से ऐसा हुआ होगा लेकिन यह दरार लगातार बढ़ती गई और ऐसी ही दरार शंकर गली निवासी खेमचंद राजू, नारायन लाल, राजेश शर्मा, अमित कुमार, दीपक कुमार श्याम बाबू, दौलत के घर में भी दरार आ गईं। इससे लोगों में दहशत फैल गई। उनके द्वारा इसकी सूचना चंद कदमों पर रह रहे महापौर डॉ. मुकेश आर्यबंधु को दी। उन्होंने मकानों का निरीक्षण किया तथा निर्माण विभाग के इंजीनियरों ने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी ली।
इस संबंध में डॉ. रमन टंडन ने बताया कि वह बहुत परेशान हैं। उनका लाखों का नुकसान हो गया है। सुमन ने बताया कि बिजली की लाइन डालने वालों की लापरवाही के चलते दरार आई हैं। हेमा ने बताया कि बिजली वालों ने सीवर लाइन के ऊपर ही बिजली की लाइन डाल दी है। आशंका है कि कहीं से लीक होने पर पानी जमीन में गया होगा। श्याम बाबू ने बताया कि अब निगम के अधिकारियों से उम्मीद है कि वह उनके साथ न्याय होगा।
निगम की टीम द्वारा उक्त स्थान की खोदाई करवा कर देखा जाएगा। जिससे पता लग सके कि कहीं सीवर या पेयजल की लाइन लीक तो नहीं हुई।
- डॉ. मुकेश आर्य बंधु, महापौर नगर निगम मथुरा-वृंदावन
भरतपुर गेट स्थित शंकर गली फटे मकान की छत में आई दरार।- फोटो : MATHURA
भरतपुर गेट स्थित शंकर गली मकानों में आई भयंकर दरार।- फोटो : MATHURA