मथुरा। जमुनापार थाना क्षेत्र के लोहवन बगीची के पास मामूली विवाद में पत्नी की गला दबाकर हत्या करने के आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर बुधवार को सीजेएम कोर्ट में पेश किया। यहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
मंगलवार को जमुना विहार कॉलोनी निवासी जगदेव ने अपनी पत्नी पूजा देवी (35) की गला दबाकर हत्या कर दी थी। थाना प्रभारी निरीक्षक विदेश कुमार त्यागी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
साथ ही मृतका के पिता राया के गांव कौरखेड़ा निवासी धर्मवीर सिंह की तहरीर पर जगदेव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस ने मंगलवार देर रात जगदेव को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त चुन्नी भी बरामद की गई है।