मथुरा। नगर निगम के पार्षदों को बिजली कटौती की जानकारी अब व्हाट्सएप ग्रुप पर मिलेगी। बिजली कटौती की समस्या को लेकर पार्षदों ने मुख्य अभियंता संजय कुमार जैन से मुलाकात की। इस दौरान मुख्य अभियंता ने पार्षदों को बेहतर बिजली आपूर्ति देने का आश्वासन दिया है।
पार्षदों ने मुख्य अभियंता से मुलाकात कर बिजली जाने के दौरान विद्युत निगम कर्मचारियों-अधिकारियों द्वारा फोन न उठाने की शिकायत की। उन्होंने कहा, अघोषित बिजली कटौती से जनता परेशान है और अधिकारियों से उन्हें सही जानकारी नहीं मिल पाती है। वे फोन करते हैं तो पहले तो फोन कोई उठाता नहीं, उठाते भी हैं तो संतोषजनक जवाब नहीं दे पाते। इस पर मुख्य अभियंता ने तुरंत अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी 70 पार्षदों को जोड़कर व्हाट्सएप का नया ग्रुप बनाया जाए।
इस पर विद्युत कटौती संबंधित सभी जानकारियों को साझा किया जाए। ताकि उन्होंने पता रहे कि बिजली कटौती क्यों हुई है और कब तक आ जाएगी। इसके साथ ही मुख्य अभियंता ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे क्षेत्रीय पार्षद का नंबर अपने मोबाइल में सेव करें। पार्षद की कॉल आने पर तुरंत रिसीव करें।
मुख्य अभियंता ने बताया कि बिजली कटौती पर अंकुश लगाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विद्युत आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए उप केंद्रों पर क्षमता वृद्धि की जा रही है। जर्जर तारों को सही किया जा रहा है। नए फीडरों का निर्माण किया जा रहा है।