मथुरा। जनपद में कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच सीएमओ कार्यालय में तैनात डॉक्टरों की तबियत बिगड़ रही है। सीएमओ कार्यालय पर तैनात दो एसीएमओ स्तर के अधिकारियों के साथ ही कंट्रोल रूम में तैनात डॉक्टर छुट्टी पर चले गए हैं। इसके पीछे उनकी तबियत का खराब होना बताया जा रहा है।
बताया गया है कि एक एसीएमओ की अचानक तबियत खराब हो गई और वो छुट्टी पर चले गए हैं। अब बीमार एसीएमओ का कार्यभार आइसोलेशन वार्ड का प्रभार देख रहे एसीएमओ डॉ. राजीव गुप्ता को दिया गया है। इससे पहले कंट्रोल रूम में तैनात एक डॉक्टर भी बीमारी के चलते अवकाश पर जा चुके हैं, जबकि एक एसीएमओ डॉ. एके गुप्ता लगभग ढाई माह से बीमारी के चलते पहले ही छुट्टी पर चल रहे हैं। इधर, सीएमओ कार्यालय में तैनात संविदा महिला कर्मचारी कोरोना संक्रमित होने के बाद उन्हें जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट किया गया है। जनपद में डॉक्टरों की तबीयत बिगड़ने के कारण विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
मथुरा जनपद में कोरोना का संक्रमण बहुत तेजी के साथ बढ़ रहा है। शहरी क्षेत्र के साथ ग्रामीण अंचल में कोरोना अपनी जड़े जमा चुका है। आंकड़ा 433 से आगे निकल चुका है। पिछले एक महीने में दो सौ से अधिक कोरोना संक्रमण के रोगियों के मिलने के साथ ही जुलाई में ही 9 कोरोना मरीजों की मृत्यु हो गई है। ऐसे में सरकारी डॉक्टरों की तबियत खराब होना सही संकेत नहीं हैं।