मथुरा। वेटरनेरी यूनिवर्सिटी में तैयार हो रही कोविड-19 लैब को अब सिर्फ बर्निंग यूनिट का इंतजार है। यह यूनिट लैब में संक्रमित व्यक्ति के ब्लड सैंपल के साथ आने वाले कोरोना वायरस को जलाते हुए नष्ट करने का काम करेगी। इसके लिए भिवाड़ी में एक औद्योगिक इकाई को ऑर्डर दिया गया है।
मथुरा में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या में तेजी के साथ इजाफा हो रहा है। पिछले 10 दिन से तो संक्रमित मरीजों की संख्या तेजी के साथ बढ़ी है। दो से ढाई लाख की आबादी हॉटस्पॉट घोषित है। यहां आवश्यकतानुसार लोगों के सैंपल की जांच संभव नहीं हो पा रही है। अब तक जो सैंपल लिए गए हैं, उनकी रिपोर्ट को आने में भी वक्त लग रहा है।
इसी स्थिति में राज्य सरकार के आग्रह पर वेटरनेरी यूनिवर्सिटी ने कोविड-19 लैब की स्थापना की है। इसके लिए सभी आवश्यक उपकरण लगा दिए गए हैं। चिकित्सकीय टीम का प्रशिक्षण हो चुका है। टेस्ट किट भी आ चुकी हैं। अब सिर्फ इंतजार बर्निंग यूनिट का है। इसका सुझाव पिछले दिनों लखनऊ से आई किंग जॉन मेडिकल यूनिवर्सिटी की टीम ने दिया था।
यह यूनिट लैब में संक्रमित व्यक्ति के सैंपल के साथ आने वाले कोरोना वायरस को जलाकर नष्ट करेगी। वेटरनेरी यूनिवर्सिटी ने भिवानी में एक औद्योगिक इकाई में इसका निर्माण कराया जा रहा है। डीन वेटरनेरी साइंस डॉ एके गर्ग ने बताया कि बर्निंग यूनिट के आने के बाद लैब की रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। संभावना है कि आगामी कुछ दिन में लैब अपना काम करना शुरू कर देगी।