मथुरा। केंद्र और प्रदेश की सरकारें कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए ताकत झोंके हुए हैं, लेकिन मथुरा में पुलिस की नाकामी के चलते लॉकडाउन की धज्जियां उड़ रही हैं। बाजारों में उमड़ रही भीड़ में सामाजिक दूरी के नियम का पालन नहीं हो रहा। सुबह सात बजे से दस बजे तक आवश्यक वस्तुओं को खरीदने के लिए खुल रहे बाजार में भीड़ इस कदर उमड़ रही है कि यदि कोरोना वायरस का एक संक्रमित व्यक्ति बाजार में पहुंच गया तो कितने लोग प्रभावित होंगे इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। वहीं, हमारी लापरवाही भी बीमारी को बढ़ावा दे सकती है। बुधवार को घीया मंडी और डेंपियर नगर सब्जी मंडी मंडी में जबरदस्त भीड़ उमड़ी, लेकिन पुलिस कहीं दिखाई नहीं दी।
देश में लॉकडाउन के 15 दिन बाद भी हालात नहीं सुधरे हैं। भीड़ को रोक पाने में पुलिस प्रशासन सफल नहीं हो पा रहा। कोतवाली रोड पर उमड़ रही भीड़ को रोकने के लिए प्रशासन ने सब्जी मंडी को डेंपियर नगर में शिफ्ट कर दिया। होम डिलीवरी शुरू कर दी। नगर निगम की टीमों को भी घर-घर आवश्यक सामान पहुंचाने में लगाया गया। प्रशासन के तमाम प्रयासों के बाद भी भीड़ बाजारों में नहीं रोकी जा सकी।
डेंपियर नगर में शिफ्ट की गई सब्जी मंडी में लगातार भीड़ उमड़ रही है। बुधवार को सब्जी मंडी और भरतपुर गेट से चौक बाजार घीया मंडी क्षेत्र में जबरदस्त भीड़ उमड़ी। सामाजिक दूरी बनाना तो दूर लोग मास्क तक नहीं लगाए हुए थे। दोनों बाजारों में कहीं पुलिसकर्मी भी दिखाई नहीं दिए।
कोरोना वायरस के दो पॉजिटिव केस मिलने के बाद भी नहीं जागा प्रशासन
कान्हा की नगरी में कोरोना वायरस के दो पॉजिटिव केस मिलने के बाद भी प्रशासन की नींद नहीं टूट रही है। मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सामाजिक दूरी बनाने तथा मास्क लगाने पर जोर देने के साथ ही संक्रमित तब्लीगी जमातियों के प्रदेश में आने से स्थिति बिगड़ने की बात कही थी। मथुरा में मिला एक पॉजिटिव दिल्ली के धार्मिक जलसे से लौटा जमाती है। उसके संपर्क में आए 36 लोगों को क्वारंटीन किया गया है। घीया मंडी और डेंपियर नगर सील किए गए एक किलोमीटर के इलाके के बहुत निकट हैं। इसके बाद भी लापरवाही बरती जा रही है।
बैंकों के बाहर भी लग रही लाइनें
सरकार की ओर से विभिन्न वर्गों को दी जा रही आर्थिक मदद पात्रों के बैंक खातों में पहुंच रही है। खातों में पैसे पहुंचे या नहीं इसे देखने और पैसे निकालने के लिए लोगों की भीड़ बैंकों बाहर लग रही है। हालांकि यहां तैनात पुलिसकर्मी लोगों को लाइन में लगाने के लिए जूझते रहते हैं। डीग गेट इलाके में एसबीआई की शाखा और कोतवाली रोड पर बैंक ऑफ बड़ौदा पर सबसे ज्यादा भीड़ उमड़ रही है।
जिले में कहीं भी भीड़ न लगने देेने के निर्देश पुलिसकर्मियों को दिए हैं। घरों तक सामान पहुंचाने के लिए प्रशासन के स्तर पर व्यवस्थाएं की गई हैं। ऐसी स्थिति में लोगों को बाजार में जाने से बचना चाहिए। जिन बाजारों में भीड़ पहुंच रही है वहां पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। किसी भी स्थिति में भीड़ नहीं लगने दी जाएगी। साथ ही सामाजिक दूरी का पालन कराया जाएगा।
- डॉ. गौरव ग्रोवर, एसएसपी