मथुरा। महामंडलेश्वर हेमांगी से बात करते डॉक्टर भूदेव।
- फोटो : MATHURA
मथुरा। महाराष्ट्र में एक बार फिर कोरोना के बढ़ते मरीजों की संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर है। खासकर वृंदावन में लगे कुंभ में सतर्कता बढ़ा दी गई है। प्रदेश सरकार की एडवाइजरी से कुंभ के सभी अखाड़ों और खालसाओं को अवगत कराया गया है। डॉक्टरों की टीम को अखाड़ों में आए संतों और उनके शिष्यों के स्वास्थ्य पर निगाह रखने के आदेश दिए गए हैं।
पिछले लगभग एक सप्ताह से महाराष्ट्र के अलग-अलग जनपदों में कोरोना के नए केस सामने आ रहे हैं। कोरोना के बढ़ते पॉजिटिव केस ने मथुरा स्वास्थ्य विभाग के माथे पर चिंता की लकीरें ला दी हैं। वृंदावन कुंभ में आने वाले लोगों की जांच की जा रही है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंगलामुखी अखाड़े (किन्नर अखाड़े) की महामंडलेश्वर हिमांगी से मुलाकात की। यहां डॉक्टरों ने उनके स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी करने के बाद बाहर से आने वाले श्रद्घालुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए कहा है। इसके साथ डॉक्टरों ने कई अखाड़ों के संतों से भी सरकार की गाइडलाइन का पालन करने की अपील की है।
- महाराष्ट्र में मिल रहे कोरोना के नए मरीजों को देखते हुए वृंदावन कुंभ में सतर्कता बढ़ाई गई है। सरकार के आदेशों का पालन करते हुए लोगों से अपनी कोरोना जांच कराने की अपील की जा रही है। कुंभ में तीन डिस्पेंसरी के साथ एक कंट्रोल रूम बनाया गया है। - डॉ. राजीव गुप्ता, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एवं एसीएमओ।
- वृंदावन कुंभ के अखाड़ों और खालसाओं के संतों और महंतों से उनके यहां आने वाले श्रद्घालुओं की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराने की अपील की गई है। खासकर महाराष्ट्र से आने वालों की अधिक निगरानी रखी जा रही है।
- डॉ. भूदेव, कोविड प्रभारी।