हॉटस्पॉट एरिया का निरीक्षण करते डीएम व एसएसपी
- फोटो : MATHURA
मथुरा। जिले में कोरोना की चेन तोड़ने के लिए अफसरों ने दौड़ लगानी शुरू कर दी है। बुधवार को डीएम सर्वज्ञराम मिश्र सुबह 11 बजे नए बनाए गए हॉटस्पॉट क्षेत्रों में पहुंच गए। वह कृष्णा नगर में कोरोना संक्रमित के घर पहुंचे। बेटे से जानकारी प्राप्त की। पिता को कोरोना पॉजिटिव हो जाने के कारण उस क्षेत्र को 11 जुलाई को सील किया गया था।
डीएम ने युवक से मेडिकल टीम द्वारा सैनिटाइज कराने, दवाई वितरण, कोरोना से बचने के उपाय एवं नगर निगम द्वारा गली एवं आसपास के क्षेत्र को सैनिटाइज करने के संबंध में पूछताछ की। साथ ही हॉटस्पॉट क्षेत्र में रखे रजिस्टर एवं उसमें अंकन को भी स्वयं चेक किया। डीएम ने घर के पड़ोस की दुकानों के दुकानदारों से भी बातचीत की। एक दुकानदार बिना मास्क लगाए पाया गया।
मौके पर मास्क लगवाकर चेतावनी दी कि भविष्य में बिना मास्क के पाए गए तो कार्रवाई की जाएगी। वह कृष्णा नगर से लगे हुए हरि नगर में हेमंत गौतम के यहां पहुंचे, वहां भी उन्होंने दवाई, सैनिटाइज का छिड़काव एवं साफ-सफाई की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संजय नगर निवासी युवती से दवा का छिड़काव आदि की जानकारी प्राप्त की।
डीएम ने राधापुरम स्टेट में जाकर लोगों से स्वास्थ्य विभाग द्वारा दवा का वितरण व नगर निगम द्वारा सैनिटाइज किए जाने की जानकारी ली। मरीजों के घर पहुंचकर उनके परिवार के स्वास्थ्य के बारे में भी जानकारी ली। इस दौरान एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर, नगर मजिस्ट्रेट मनोज कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजीव यादव आदि उपस्थित थे।