उत्तर प्रदेश पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशुचिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो अनुसंधान संस्थान का दीक्षांत समारोह 17 नवंबर को आयोजित होने जा रहा है। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में नीति आयोग के सदस्य डा. रमेशचंद्र की मौजूदगी रहेगी। अध्यक्षता कुलाधिपति राज्यपाल रामनाईक करेंगे।
वेटरनेरी विवि के दीक्षांत समारोह में करीब 81 छात्र-छात्राओं को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इसमें वेटरनेरी की स्नातक डिग्री पाने वाले छात्रों की संख्या 40 और स्नातकोत्तर डिग्री पाने वालों की संख्या 23 रहेगी। 10 पीएचडी और चार छात्र-छात्राएं बायोटेक में स्नातकोत्तर डिग्री पाने वाले होंगे। विश्वविद्यालय इन छात्रों में से नौ को मेडल भी प्रदान करेगा।
राज्यपाल रामनाईक की अध्यक्षता में होने वाले दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि नीति आयोग के सदस्य डा. रमेश चंद्र के अलावा विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्य सरकार के पशुधन मंत्री मौजूद रहेंगे। विश्वविद्यालय ने समारोह की तैयारियां शुरू कर दी हैं। कुलपति डा. केएमएल पाठक ने बताया कि दीक्षांत समारोह के लिए कुलाधिपति का कार्यक्रम स्वीकृत हो चुका है। जल्द ही राजभवन से इसकी सूचना प्रशासन को भी जारी कर दी जाएगी।