गोविंदनगर एफ सेक्टर में लूटपाट का आरोपी गोविंदनगर पुलिस ने गुरुवार को डीगगेट चौकी से दबोचा है। बताया गया है कि इसी ने लूट की योजना बनाई थी। लूट के मास्टरमाइंड को बी-वारंट पर लेने मेरठ जेल पहुंची गोविंदनगर पुलिस को निराशा हाथ लगी। अब गोविंद नगर पुलिस उसे 28 मार्च को मथुरा ला सकेगी।
बीती 16 मार्च को रिटायर्ड अधिकारी बीडी गुप्ता के घर में घुसे होंडा सिटी कार सवार चार बदमाशों ने लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया था। इस दौरान साथी की गोली लगने से बदमाश फकरुद्दीन निवासी मोदीनगर गाजियाबाद की मौत हो गई। पुलिस ने दूसरे दिन ही होंडा सिटी कार बरामद करके स्वामी पंजाबी बाग दिल्ली निवासी गगन भार्गव का सुराग भी लगा लिया।
गुरुवार को पुलिस ने लूट का षड्यंत्र रचने वाले को डीगगेट से दबोच लिया। प्रभारी निरीक्षक इंद्रेश भदौरिया ने बताया कि पकड़ा गया अमित पुत्र ब्रजवीर सिंह निवासी पट्टी थाना भोजपुर गाजियाबाद है। इसका मोबाइल मृत बदमाश के पास से मिला था। पुलिस ने पकड़े गए बदमाश को जेल भेजा है। मेरठ जेल में बंद बदमाश गगन भार्गव को बी वारंट पर लेने गई पुलिस बैरंग लौट आई। अब 28 मार्च को फिर मेरठ जाकर बदमाश को लाएगी।