मथुरा। जातीय जनगणना के मुद्दे पर कांग्रेस ने मथुरा से हुंकार भरी है। सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पिछड़ी जाति सम्मेलन कर एलान किया कि यदि भाजपा ने जातीय जनगणना नहीं कराई और जातीय संख्या के आधार पर समाज के सभी वर्गों को हिस्सेदारी न दी तो पार्टी सड़क पर उतरकर आंदोलन कर पूरे देश को एकजुट करेगी।
सम्मेलन में आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा और मैनपुरी के पिछड़ी जातियों के नेता शामिल हुए। संगठन सचिव अनिल यादव ने कहा कि भाजपा वैचारिक तौर पर पिछड़ी जातियों की विरोधी है। संघ परिवार हमेशा आरक्षण और सामाजिक न्याय को खत्म करने के लिए गिरोहबंदी करता रहा है। भाजपा ने सिर्फ पिछड़े समाज काे ठगने का काम किया है।
यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ओमवीर यादव ने कहा कि मोदी-योगी सरकार में हुई भर्तियों में ओबीसी समाज के युवाओं का हक मारा गया है। प्रदेश सचिव मुकेश धनगर ने भी विचार रखे। सम्मेलन में निर्णय लिया गया कि आरक्षण की 50 फीसदी की सीमा को तत्काल हटाया जाए ताकि पिछड़ी जातियों को उनकी आबादी के अनुपात में आरक्षण मिले। ओबीसी का आरक्षण बढ़ाकर आबादी के अनुपात में आरक्षण सुनिश्चित किया जाए। अति पिछड़े समाज की हिस्सेदारी सुनिश्चित की जाए। सम्मेलन की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष एडवोकेट भगवान सिंह वर्मा ने की।
इस मौके पर पूर्व विधायक राजकुमार रावत, पूर्व चेयरमैन नरेंद्र गुर्जर, पुनीत बघेल, पार्षद कुंवर सिंह निषाद, राम भरोसी चौधरी, हरवीर प्रधान, रवि राजपूत, नेत्रपाल प्रजापति, श्याम सिंह, डॉ. अशोक सैनी, आसिफ कुरैशी, सतीश बघेल, अनूप निषाद, देवेंद्र यादव, गुलाब सिंह, बाबूलाल प्रधान आदि मौजूद थे। संचालन पूर्व शहर अध्यक्ष शहर आबिद हुसैन ने किया।