मथुरा। कांग्रेस ने संगठन सृजन अभियान के तहत जनपद में संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिला कांग्रेस कार्यालय सेठबाड़ा और महानगर कांग्रेस कार्यालय होलीगेट पर आयोजित बैठकों में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद कर संगठन को बूथ, वार्ड, ग्राम पंचायत और नगर स्तर तक मजबूत बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई।
जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की पर्यवेक्षक एवं कर्नाटक की विधायक अंजली निंबालकर, सहयोगी समन्वयक प्रतिमा सिंह, शिवराम वाल्मीकि और अजय शर्मा उपस्थित रहे। बैठक में अंजली ने कहा कि प्रदेश में संगठन सृजन अभियान के तहत ब्लॉक, नगर, ग्राम पंचायत और वार्ड स्तर पर बैठकों का आयोजन कर कार्यकर्ताओं से संवाद किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा भी की जाएगी। इसके आधार पर जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष पद के लिए छह-छह नामों का पैनल तैयार कर प्रदेश नेतृत्व को भेजा जाएगा, जिसके बाद अध्यक्षों की घोषणा की जाएगी। बैठक में वरिष्ठ नेता यामिनी रमण आचार्य, राजन पाठक, विक्रम वाल्मीकि, शिवदत्त चतुर्वेदी, मनोज गौड़, उमेश शर्मा, कुंवर सिंह निषाद, आदित्य तिवारी, जिलानी कादरी, रमेश कश्यप आदि मौजूद रहे।
होलीगेट कार्यालय में किया संवाद
विधायक अंजली निंबालकर ने होलीगेट स्थित महानगर कांग्रेस कार्यालय पर पार्टी पदाधिकारियों और मंडल अध्यक्षों से मुलाकात की। यहां पूर्व सीएलपी नेता प्रदीप माथुर और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पं. यतेंद्र मुकद्दम ने उनका स्वागत किया।
पूर्व सीएलपी नेता प्रदीप माथुर ने कहा कि पर्यवेक्षक का मथुरा दौरा संगठन के लिए महत्वपूर्ण है। उनके मार्गदर्शन से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी। बैठक में महानगर अध्यक्ष पं. यतेंद्र मुकद्दम, मुकीम कुरैशी, दीपक पाराशर, राहुल चतुर्वेदी, वीरेंद्र सिसोदिया, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सिम्मी बेगम, चंद्रमोहन जायसवाल, शिखा चौधरी, राखी चौहान, यश चतुर्वेदी आदि उपस्थित रहे।