मथुरा। साइबर कैफे के मानक विहीन व प्राइवेट केबिन बने होने व उनमें अवैध धंधा होने की शिकायत पर डीएम के आदेश पर बुधवार को ताबड़तोड़ चेकिंग हुई। इसके चलते बीएसए इंजीनियरिंग कॉलेज के आस-पास बने साइबर कैफों के संचालकों में खलबली मच गई। कैफे संचालकों को कड़ी चेतावनी दी गई कि वह किसी भी प्रकार का अनैतिक कार्य न कराएं।
डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पिछले कई दिन से शहर के कई क्षेत्रों में बने साइबर कैफे के मानक विहीन चलने की शिकायत की मिल रही थी। बीएसए इंजीनियरिंग कॉलेज के समीप सबसे ज्यादा मानक विहीन साइबर कैफे संचालित होने की शिकायतें मिलीं। सिटी मजिस्ट्रेट की निगरानी में चेकिंग कराई गई। हालांकि मौके पर कहीं कोई ऐसी गड़बड़ी नहीं मिली, जिसको लेकर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए।