जिले में नकल को रोकने में प्रशासन पूरी तरह से नाकाम हो रहा है। शासन की सख्ती के बावजूद अधिकारी नकल माफियाओं पर नकेल नहीं कस पा रहे हैं। गुरुवार को पांच सेंटरों पर सामूहिक नकल पकड़ी गई। इन परीक्षा केंद्रों को डिबार कर दिया गया है। एक कक्ष निरीक्षक के खिलाफ रिपोेर्ट दर्ज करा दी गई है।
सांवरी देवी इंटर कालेज बकला मांट, मुकदम बिहारी लाल इंटर कालेज फरह, केरन सिंह इंटर कालेज धानातेजा, पंडित जयराम उमा विद्यालय नगला पापरी और नौहझील में पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंटर कालेज में सामूहिक नकल पकड़ी गई है। यहां केंद्र व्यवस्थापक को हटा दिया है। वहीं इस कालेज के प्रबंधक का कहना है कि अफसरों ने प्रधानाचार्य के साथ दुर्व्यवहार किया है।
प्रशासन ने पांचों सेंटरों को डिबार करने और परीक्षा रद्द करने की संस्तुति कर दी है। वहीं सुबह को हाईस्कूल विज्ञान की परीक्षा में भी जमकर नकल हुई। इस परीक्षा में जनपद में 23 नकलची पकड़े गए। शिवचरन इंटर कॉलेज पाली डूंगरा में एक कक्ष निरीक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
नकल के अलावा परीक्षा सबंधी अन्य अनियमितताओं के लिए दस विद्यालयों को नोटिस दिया है। जवाब संतोषजनक नहीं रहा तो इन केंद्रों को भी डिबार कर दिया जाएगा। एमजीएस इंटर कालेज सौंख के केंद्र व्यवस्थापक को शिथिलता के चलते हटा दिया है। इधर बरसाना में नकल लेकर जा रहे होमगार्ड को रोकने पर होमगार्ड ने उस युवक को धुन दिया। हालांकि इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है।
नकल माफियाओं के आगे प्रशासन का सरेंडर
सरकार के निर्देशों के बाद भी प्रशासन की नींद नहीं टूट रही है। मथुरा जनपद में सबसे ज्यादा नकल की जा रही है। हर रोज किसी न किसी सेंटर पर नकल पकड़ी जा रही है लेकिन प्रशासनिक अधिकारी खामोश हैं। अब तो प्रशासनिक अफसरों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।