संवाद न्यूज एजेंसी
मथुरा। मथुरा संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सांसद हेमामालिनी के नामांकन के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 4 अप्रैल को मथुरा आएंगे। वे नामांकन कराने के साथ ही सेठ बीएन पोद्दार इंटर काॅलेज में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। भाजपा कार्यकर्ता जहां इस चुनावी सभा को सफल बनाने के इंतजामों में जुटे हैं, वहीं पुलिस-प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट हो गया है। सीएम की सुरक्षा टीम आज डेरा डाल लेगी।
भाजपा ने हेमामालिनी को तीसरी बार मथुरा लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। यहां 26 अप्रैल को मतदान होना है और नामांकन भरने की अंतिम तिथि 4 अप्रैल है। हेमामालिनी इसी दिन नामांकन दाखिल करेंगी। भाजपा जिलाध्यक्ष निर्भय पांडेय व जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी ने बताया कि सीएम योगी नामांकन दाखिल करवाने के साथ ही सेठ बीएन पोद्दार इंटर काॅलेज में चुनावी सभा करेंगे। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम पार्टी स्तर से मिल गया है।
पहले नामांकन या सभा, शेड्यूल अभी फंसा
सीएम योगी का आगमन तो तय हो गया है, लेकिन मंगलवार देर शाम तक मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी नहीं हुआ। इसके चलते असमंजस की स्थिति बनी है कि सीएम पहले सभा को संबोधित करेंगे या नामांकन कराने जाएंगे। जिलाध्यक्ष ने बताया कि सीएम करीब 10 बजे इंटर कॉलेज में बने हेलीपैड पर उतरेंगे। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि पहले नामांकन होगा या फिर सभा। इधर, हेमामालिनी कार्यकर्ताओं के साथ सुबह 9 बजे यमुना पूजन करने जाएंगी।