मथुरा। गोवर्धन में मुख्यमंत्री अभ्युदय कंपोजिट विद्यालय (उच्च प्राथमिक विद्यालय गोवर्धन 1-8) का कायाकल्प शुरू हो गया है। यहां ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को कॉन्वेंट जैसी शिक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। कार्यदायी संस्था यूपीसीएलडीएफ की ओर से विद्यालय का पुनरुद्धार कार्य कराया जा रहा है। इसमें पुराने भवन की जगह आधुनिक और सुरक्षित कैंपस आकार ले रहा है। परियोजना पर करीब 1.29 करोड़ की लागत आएगी।
ऑपरेशन कायाकल्प के तहत अभ्युदय विद्यालय को हाईटेक बनाया जा रहा है। विद्यालय में खेल-खेल में बच्चों को सिखाने के लिए बाला (बिल्डिंग एज ए लर्निंग एड) पेंटिंग तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। बच्चों की पढ़ाई के लिए इंटरएक्टिव व्हाइट बोर्ड, प्रोजेक्टर और आधुनिक कंप्यूटर लैब समृद्ध लाइब्रेरी स्थापित की जा रही है। कैंपस में टाइल लगाने के साथ ही शौचालय, शुद्ध पेयजल, गार्ड रूम और सोलर लाइट की व्यवस्था की गई है। खेल का मैदान भी विकसित किया जा रहा है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने बताया कि इस नए स्वरूप में विद्यालय न केवल शिक्षा का बड़ा केंद्र बनेगा बल्कि पूरे गोवर्धन क्षेत्र और ग्रामीण समुदाय के लिए गौरव साबित होगा।