मथुरा के महावन कस्बे के मोहल्ला व्यापारियान में सोमवार की रात को कबूतरबाजी को लेकर दो पक्षों में बवाल हो गया। कहासुनी के बाद मारपीट हुई और फिर पत्थरबाजी शुरू हो गई। पथराव होने से अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके से छह लोगों को हिरासत में लिया है। पूछताछ की जा रही है।
महावन के मोहल्ला व्यापारियन में सोनू, मनीष और उनका दोस्त रिहान और दूसरे पक्ष के जाहिद, शाहिद और आबिद कबूतरबाजी कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, मनीष के साथी रिहान ने शाहिद का कबूतर पकड़ लिया। मनीष ने रिहान से मनाया किया और दोनों को समझाया। कुछ ही देर में शाहिद पक्ष के लोग काफी संख्या में इकट्ठे हो गए।
कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। लाठी, डंडों के बाद दोनों ओर से ईंट-पत्थर और कांच की बोतलें फिंकने लगीं। इससे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गया। बवाल के कारण सड़क पर जाम लग गया। बवाल की सूचना पर महावन थाने का फोर्स मौके पर पहुंचा।
पुलिस के पहुंचने पर बलवाई भाग निकले। पुलिस ने दोनों पक्षों के छह लोगों को हिरासत में ले लिया। तीन लोगों को चोटें भी आईं हैं, जिन्हें मेडिकल के लिए भेजा गया। दूसरी ओर, रामनवमी की पूर्व संध्या पर बलवे की सूचना मिलने पर एसपी ग्रामीण सुरेशचंद्र रावत, सीओ संजीव राय, एसडीएम कंचन गुप्ता, तहसीलदार अमित त्रिपाठी और नायब तहसीलदार प्रद्युम्न त्रिपाठी सहित काफी संख्या में पुलिस बल पहुंच गया।
एसपी देहात ने बताया कि कबूतरबाजी को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। दोनों पक्ष एक ही समुदाय के हैं। तीन लोग चोटिल हुए हैं। पुलिस ने कुछ लोगों को पूछताछ के लिए पकड़ा है। बलवा करने वालों को चिह्नित करके उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।