बीएसए की प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर पुतला फूंकने के लिए कलक्ट्रेट में घुस रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं को रोकते वक्त उनकी पुलिस से धक्कामुक्की हो गई। इसके बाद गेट पर ही पुतला फूंका गया। एबीवीपी ने बीएसए और एक पटल सहायक पर लाखों रुपये के भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है।
एबीवीपी के पदाधिकारियों का आरोप है कि बीएसए मनोज कुमार मिश्रा ने 16000 शिक्षक भर्ती में फर्जी प्रमाणपत्र लगाने वाले अभ्यर्थियों पर दबाव बनाने के लिए थाना हाईवे में एनसीआर दी। इसके बाद मामला दबाने के लिए पटल सहायक के माध्यम से प्रति अभ्यर्थी दो लाख रुपये वसूले गए। फिर इस प्रकरण को दबा दिया गया। शिकायत के बाद भी प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके विरोध में कार्यकर्ता बुधवार को पेट्रोल पंप के समीप से बीएसए की अर्थी लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे।
कार्यकर्ताओं ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र ही बीएसए और पटल सहायक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। अन्यथा बड़े आंदोलन की चेतावनी दी। इस दौरान आकाश चौधरी, शैलू चौधरी, पुष्पेंद्र चौधरी, अजीत चौधरी, सुजान चौधरी, रिंकू शर्मा, दीपक, शिवा सारस्वत, दीपक चौधरी, प्रभाकर सारस्वत, संजय आदि उपस्थित रहे।