फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mathura: श्रीबांकेबिहारी मंदिर में फौजी भाइयों ने पुलिसकर्मी को पीटा, वीडियो हुआ वायरल

Tue, 04 Nov 2025 01:31 PM IST
धीरेन्द्र सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, मथुरा

सार

वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में पुलिस और श्रद्धालुओं के बीच मारपीट हो गई। इस पूरी घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।
विज्ञापन
बांके बिहारी मंदिर में मारपीट - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में दर्शन करने के लिए गेट नंबर दो से निकलने के दौरान दो फौजी भाइयों और उनके परिजन का पुलिसकर्मियों से विवाद हो गया और नौबत मारपीट तक पहुंच गई। एटा के अलीगंज से आई महिला और उसके साथ आए चार सगे भाइयों ने पुलिसकर्मी के साथ मारपीट कर दी। जिसमें दो भाई फौज में तैनात हैं। एक भाई हिमाचल प्रदेश में है तो दूसरा जम्मू कश्मीर में बताया गया है। मारपीट के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों ने अपने साथी को बचाने की कोशिश की तो उनसे भी हाथापाई हो गई। पुलिस की सूचना पर सेना पुलिस देर शाम दोनों फौजियों की जांच के लिए कोतवाली पहुंची। सेना के अधिकारियों ने पुलिस और फौजियों से घटना की पूरी जानकारी ली है।
विज्ञापन





कार्तिक मास अपने अंतिम पड़ाव में है। बांकेबिहारी मंदिर में दर्शनों के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। मंगलवार को सगे भाई अलीगंज निवासी अभय सिंह, संजय सिंह, निर्भय सिंह, राहुल सिंह और अरुणा सिंह ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में दर्शन के लिए आए थे। अभय सिंह और निर्भय सिंह दोनों सेना में तैनात हैं। अभय सिंह की तैनाती जम्मू कश्मीर में है, जबकि निर्भय सिंह हिमाचल प्रदेश में तैनात है। मंदिर के दो नंबर प्रवेश द्वार से निकलने के दौरान प्रधान आरक्षी जगवेंद्र की उनके साथ आई महिला से कहासुनी हो गई। प्रधान आरक्षी जगवेंद्र के अनुसार, उनकी ड्यूटी पांच नंबर गेट पर थी और वह पांच से दो नंबर गेट पर जा रहे थे। तभी रास्ते में एक महिला से कुछ कहासुनी हो गई। वह कुछ समझ पाते तभी एक युवक ने आकर उनके चांटा मार दिया।
विज्ञापन


उन्होंने इस बात को विरोध किया और मंदिर में मौजूद पुलिसकर्मियों ने युवक को रोकना चाहा तो साथ आए अन्य युवकों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करना शुरू कर दी। एक पुलिसकर्मी को तो जमीन पर गिराकर पीटा। मारपीट से मंदिर में अफरा तफरी का माहौल बन गया। लेकिन पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ का परिचय दिया और किसी ने भी मंदिर में मारपीट नहीं की। सूचना पर आए अतिरिक्त पुलिस फोर्स की मदद से गेट नंबर पांच से उन्हें बाहर लेकर आए और सभी को पहले चौकी और फिर थाने ले जाया गया। पुलिस ने महिला सहित पांच लोगों को पुलिसकर्मी से मारपीट करने के बाद हिरासत में ले लिया। सूचना पर क्षेत्राधिकारी संदीप कुमार सिंह और इंस्पेक्टर संजय कुमार पांडेय भी पहुंच गए।

सीओ संदीप सिंह ने बताया कि घटना स्थल के सीसीटीवी फुटेज देखने से पता लगा है कि श्रद्धालु प्रवेश द्वार से दर्शन कर वापस निकलने की कोशिश कर रहे थे। पुलिसकर्मियों के समझाने पर भी नहीं माने। आरोपी महिला ने पुलिसकर्मी को गालियां दीं और पुलिस के साथ बदसलूकी करना शुरू कर दी। मौके पर तैनात प्रधान आरक्षी जगवेंद्र ने रोका तो उनके साथ मारपीट की गई। वहीं जब अन्य पुलिसकर्मी आए तो उनके साथ भी अभद्रता की गई। आरोपियों की पहचान अभय सिंह, संजय सिंह, निर्भय सिंह, राहुल सिंह और अरुणा सिंह के रूप में हुई है। वह कुल दस लोग आए थे।
विज्ञापन


सोशल मीडिया पर वायरल होते रहे मारपीट के वीडियो
बांकेबिहारी मंदिर में हुई मारपीट के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते रहे। सेवायतों से लेकर वृंदावन के लोगों ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड कर अव्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। कोई पुलिसकर्मियों की गलती बता रहा था तो कोई श्रद्धालुओं की। हालांकि पुलिस ने पुलिसकर्मी की ओर से एफआईआर दर्ज की है। वायरल वीडियो भी पुलिसकर्मी को ही पिटता दिखा रहे हैं।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें