फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mathura News: दिनदहाड़े बच्चे का अपहरण, पुलिस के पीछा करने पर जंगल में छोड़ भागे

विज्ञापन
विज्ञापन
चौमुहां (मथुरा)। जैंत थाना क्षेत्र के गांव चौमुहां में शनिवार दोपहर बाइक सवार दो नकाबपोश स्कूल से घर लौट रहे छह वर्षीय बच्चे को अपहरण कर ले गए। घर पहुंचने से कुछ ही दूरी पर वारदात को अंजाम दिया गया।
विज्ञापन


पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बाइक नबंर से बदमाशों के भागने के रास्ते का पता कर पीछा शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे बाद शेरगढ़ क्षेत्र के गांव भोगांव के जंगलों से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। हालांकि बदमाशों का पता नहीं चल पाया है।

कस्बे के मारूफ थोक निवासी बच्चू सिंह का बेटा भानु राधा मोहन जी सरस्वती विद्या मंदिर से छुट्टी होने पर घर लौट रहा था। घर से थोड़ी दूरी पर करीब 12.15 बजे हाईवे की तरफ से आए बाइक सवार दो नकाबपोश भानु का मुंह बंद कर अपने साथ ले गए। इसका पता चलते ही आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना कर दी।
विज्ञापन


उधर, परिजनों को जानकारी मिलते ही वे बदहवास हो गए। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज देखने के साथ ही बदमाशों के भागने के रास्ते का पता कर पीछा शुरू किया। कुछ ग्रामीण भी बाइक से बदमाशों का पीछा करने को दौड़े। बदमाश छाता कोतवाली क्षेत्र के गांव तरौली पर भी सीसीटीवी फुटेज में देखे गए।

बदमाशों को पुलिस के पीछा करने की भनक लगी तो शेरगढ़ क्षेत्र के गांव भोगांव के जंगलों में बच्चे को छोड़कर भाग गए। इसी बीच सेही निवासी अनूप सिसोदिया ने जंगल में बच्चे को देख पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पीछा कर रही पुलिस मौके पर पहुंच गई और बच्चे को साथ लेकर चौमुहां ले आई।

बच्चे को पाकर खुशी में परिजनों की रुलाई फूटी
भानु के परिजनों को जब पता चला कि उनके बेटे को कोई उठाकर ले गया है, तो उनके होश उड़ गए। घर में चीख-पुकार मच गई। उसकी मां और पिता बच्चू सिंह बदहवास हालत में रोने लगे। लोगों ने उन्हें ढांढ़स बंधाया। कहा कि पुलिस बदमाशों की तलाश में लगी है। शीघ्र ही वे पकडे़ जाएंगे, लेकिन उन्हें इस पर यकीन नहीं हो रहा था। अनहोनी की आशंका में उनकी आंखों से आंसू बह रहे थे।

सांत्वना देने के लिए मोहल्ले की महिलाएं भी बड़ी संख्या में उनके घर इकट्ठे हो गईं थीं। करीब डेढ़ घंटे बाद जब उन्हें जानकारी मिली कि भानु सुरक्षित है तो उनकी जान में जान आई। कुछ ही देर में पुलिस भानु को लेकर घर पहुंच गई। उसे देखकर परिवार के लोग खुशी में फफक-फफक कर रोने लगे। भानु भी अपनी मां के गले लगकर सुबकने लगा।
थाना प्रभारी अजय वर्मा ने बताया अपराधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही पकड़े जाएंगे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि भानु उर्फ देव छुट्टी के बाद घर जा रहा था। तभी बाइक सवार नकाबपोशों ने उसे उठा लिया था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस टीम ने अपहरणकर्ताओं का पीछा किया गया। खुद को घिरता देख अपहरणकर्ता भोगांव के जंगल में बच्चे को छोड़ भाग गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें