मथुरा। विश्वव्यापी महामारी कोरोना के दृष्टिगत कर्मचारी संगठनों ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री राशन कोष में मदद करना शुरू कर दिया है। अनेक कर्मचारी वेतन के अलावा अतिरिक्त धनराशि भी डीएम के माध्यम से सरकार को दे रहे हैं।
उत्तर प्रदेश कलक्ट्रेट कर्मचारी संघ जनपद शाखा के समस्त कर्मचारियों ने अपना एक दिन का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष को दिए जाने संबंधी पत्र डीएम को दे दिया है। जिलाध्यक्ष रामवीर शर्मा प्रवक्ता शरद शर्मा ने यह जानकारी दी। इस अभियान में पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर प्रांतीय उपाध्यक्ष देवेंद्र सारस्वत ने भी सदस्यों के वेतन से कटौती की सहमति बीएसए को दी है।
इसी तरह राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ जिलाध्यक्ष ने भी बीएसए और लेखाधिकारी को सहमति पत्र दिया है, जिसमें संगठन के सभी सदस्य शिक्षकों के एक दिन का वेतन उक्त मद के लिए काटने की अपील की है। प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ ने भी मार्च माह के एक दिन का मानदेय मुख्यमंत्री राहत कोष में देने का पत्र जिला अध्यक्ष खेमसिंह चौधरी ने दिया है। प्राथमिक शिक्षक संघ के राया ब्लॉक अध्यक्ष लोकेश शर्मा ने 11 हजार रुपये तथा गढ़ी परसा के प्रधानाध्यापक राजीव पचौरी ने 5000 का चेक दिया है। इसके अलावा प्रेमकिशोर शर्मा, दिनेश दुबे, आशु वल्लभ गोस्वामी, अनुरुद कौशिक ने भी आर्थिक राशि भेजी है।