मथुरा। लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे सड़कों के निर्माण की गुणवत्ता को परखने के लिए रविवार को विभाग के प्रमुख अभियंता विकास मथुरा आए। यहां उन्होंने फरह में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर संतोष जताया।
लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता विकास एके अग्रवाल ने फरह क्षेत्र में गड्ढा मुक्ति व नवीनीकरण कार्यों की स्थानीय अधिकारियों से जानकारी की। उन्होंने बातचीत में बताया कि शासन ने सभी मंडलों में मुख्य अभियंताओं और प्रमुख अभियंता को लगाया गया है। जो कि मंडलों के जनपदों में गड्ढा मुक्ति, मरम्मत और नवीनीकरण के कार्यों का निरीक्षण करेंगे। इसी क्रम में उनके द्वारा फरह में निरीक्षण किया गया है।
यहां कार्य संतुष्टि जनक मिले हैं, लेकिन जब उनसे हाल ही में हुए मथुरा-वृंदावन चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण करने का सवाल पूछा गया तो वह स्थानीय अधिकारियों से ही पूछने लगे कि अब कौन सी सड़क दिखाएंगे, मुझे सही से नाम नहीं पता है। उनका यह कहना कई सवाल खड़े कर गया। उनके कहने से तो यही लगता है कि उन्हें कौन सी सड़कें दिखानी हैं, यह पहले से ही निर्धारित था। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के दोनों खंडों के अधिकारी मौजूद रहे।