मथुरा। पहले योगी मथुरा से चुनाव लड़ना चाहते थे, फिर अयोध्या से। अब उनको भाजपा ने मठ में बैठा दिया है। उनकी स्थिति क्या है, बताने की जरूरत नहीं है। योगी जी के नेतृत्व में चुनाव लड़ रहे मंत्री खुद उन्हीं के मंत्रिमंडल के सहयोगी उन्हें छोड़कर जा रहे हैं। उनकी नैया डूबने वाली है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर यहां के विधायक प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा के घोटालों की जांच कराएंगे। यह बातें मंगलवार को छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने मथुरा विधान सभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप माथुर के आवास पर मीडिया से बातचीत के दौरान कहीं।
भूपेश ने आरोप लगाते हुए कहा कि योगी माफिया राज चला रहे हैैं। कोई उनके खिलाफ बोलकर तो देखे। वह एक लड़की से डर गए। उन्होंने कांग्रेस की महासचिव को दो दिन तक नजरबंद करके रखा। आचार संहिता का उल्लंघन भाजपाई कर रहे हैं, भाजपा नेता रैली निकालें तो उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं। कांग्रेस के नेता यदि जनसंपर्क करते हैं तो एफआईआर दर्ज होती है। उन्होंने चुनाव आयोग से निवेदन किया कि जिस प्रकार से वह ईवीएम का डेमो करके दिखाते हैैं, वह डोर टू डोर चुनाव प्रचार का डेमो करके दिखाएं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दिनों जेवर में एयरपोर्ट का उद्घाटन पीएम ने किया था लेकिन पीड़ित किसानों को अभी तक मुआवजा नहीं मिला। पीएम पर निशाना साधते हुए कहा कि जो अपने देश में खुद को असुरक्षित समझते हों, वह देश की सुरक्षा और देश की सीमाओं की सुरक्षा कैसे करेंगे। मथुरा की जनता दोबारा गलती नहीं करेगी और प्रदीप माथुर को पूरी ताकत के साथ समर्थन करेगी।