सीओ मांट ने मंगलवार को यमुना एक्सप्रेसवे पर विशेष चेकिंग अभियान चलाकर कई गाड़ियों से लाल, नीली बत्तियां, हूटर, साइरन और पार्टियों के झंडे उतरवाए। वाहनों की चेकिंग भी की। ओवरलोड वाहन और लापरवाही से वाहन चलाने वाले चालकों से समन शुल्क वसूला गया।
नोएडा से आगरा की ओर जा रही क्रेटा कार पर कर्नल वीपी सिंह निवासी कासगंज (जो कि जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी हैं) अवैध तरीके से नीली बत्ती लगा कर जा रहे थे। संगीता गुप्ता लखनऊ अलीगंज निवासी भूगर्भ शास्त्री वैज्ञानिक ने भी नीली बत्ती लगा रखी थी।
सीओ ने दोनों की लाइट उतरवा कर चालान किया। सीओ संजय कुमार ने बताया कि टोल से बचने के लिए ये लोग लाल और नीली लाइट बत्ती का प्रयोग करते हैं। मंगलवार को छह से अधिक नीली बत्ती उतरवाई। नियमों को नजरअंदाज करने वाले वाहन चालकों से समन शुल्क वसूल किया। इस मौके पर थाना प्रभारी मांट रामपाल सिंह, टोल चौकी प्रभारी, उड़नदस्ता दल के प्रभारी मजिस्ट्रेट राजेंद्र सिंह, राधा मोहन आदि मौजूद थे।