महिला जिला अस्पताल की बाल ओपीडी में चिकित्सक बच्चे को देखते हुए।
मथुरा। उमस भरी गर्मी के बाद आई बारिश अब बच्चों की सेहत पर भारी पड़ रही है। मौसम में बदलाव के साथ ही संक्रमण तेजी से फैल रहा है। महिला जिला अस्पताल की बाल रोग विभाग की ओपीडी में मंगलवार को रोजाना से अधिक बच्चे पहुंचे। इनमें सबसे ज्यादा बुखार, उल्टी, सर्दी, जुकाम व पेट दर्द जैसी शिकायतों के अलावा कई बच्चे संक्रमण से पीड़ित भी पहुंचे।
मौसम में बदलाव ने लोगों की सेहत पर असर डालना शुरू कर दिया है। महिला अस्पताल की ओपीडी में 450 से अधिक मरीजों ने पंजीकरण कराया। इसमें बाल रोग विभाग की ओपीडी में 87 से अधिक बच्चों का पंजीकरण कराकर चिकित्सक को दिखाया गया। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि दिन में उसम और रात में हल्की ठंड के कारण बच्चों की प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित हो रही है, जिससे वे जल्दी बीमार हो रहे हैं। चिकित्सक ने बच्चों के अभिभावकों को बताया कि इस मौसम में छोटे बच्चों की सेहत का बहुत ध्यान रखना है।
नवजात बच्चे भी हो रहे बीमार
महिला अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि इस समय नवजात बच्चों में दस्त और खांसी की शिकायतें बढ़ गई हैं। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि सफाई पर विशेष ध्यान दें। यदि बच्चे को बोतल से दूध पिलाया जा रहा है तो हर बार बोतल को गर्म पानी में उबालकर ही इस्तेमाल करें। छह माह से ऊपर के बच्चों को सिर्फ दूध पर निर्भर न रखें, उन्हें संतुलित आहार भी दें, ताकि रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत हो सके।
अपनाएं डाक्टर की सलाह
- बच्चों को पानी उबालकर पिलाएं
- पूरी बांह के हल्के कपड़े पहनाएं
- रात में एसी या कूलर बंद रखें, खासकर छोटे बच्चों के कमरे में।
- लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।