नवीन ड्रेस पहने निजी सुरक्षाकर्मी।
वृंदावन। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में तैनात सुरक्षा गार्डों की वर्दी में बदलाव किया है। मंदिर हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी के निर्देश पर मंदिर के सुरक्षाकर्मी अब पीले रंग की टीशर्ट और काले रंग की पेंट में नजर आएंगे। शुक्रवार को मंदिर में राजस्थान सिक्योरिटी सर्विस के सभी सुरक्षा गार्डों ने नई ड्रेस पहनी।
श्रीबांकेबिहारी मंदिर की आंतरिक सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था के लिए राजस्थान सिक्योरिटी सर्विस के 75 सुरक्षा कर्मी तैनात हैं। जो कि मंदिर के प्रवेश द्वार से चौक और निकास द्वारा तैनात किए गए हैं। सभी गार्ड एजेंसी द्वारा निर्धारित काले रंग की पेंट एवं एजेंसी के बैज लगी शर्ट पहनते थे, जिस पर निजी सुरक्षा एजेंसी का नाम अंकित रहता था। नई व्यवस्था के तहत सुरक्षाकर्मी पीले रंग की टी शर्ट पहनेंगे, जिस पर श्रीबांके बिहारी मंदिर सुरक्षा कर्मी लिखा है। शुक्रवार को सुबह मंदिर के सभी सुरक्षा गार्ड नई ड्रेस में तैनात दिखे। मंदिर प्रशासन का मानना है कि नई वर्दी से सुरक्षाकर्मियों की पहचान श्रद्धालुओं के बीच और अधिक आसान हो जाएगी। बड़ी संख्या में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की सहायता या सुरक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त करने में सुविधा होगी। मंदिर के प्रबंधक मुनीश शर्मा ने बताया कि श्रीबांकेबिहारी हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी की बैठक में सुरक्षाकर्मियों की वर्दी बदलने का निर्णय लिया गया था। इसके पीछे उद्देश्य मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित और पहचान योग्य बनाना है।