मथुरा। आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को गर्म पका भोजन देने की योजना का शुभारंभ हो गया है। आंगनबाड़ी केंद्र बाजना पर शुक्रवार को राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष ने बच्चों की थाली में खिचड़ी परोसी। प्राथमिक विद्यालयों के एमडीएम की तरह ही आंगनबाड़ी केंद्रों पर आने वाले 3 से 6 वर्ष के बच्चों को हॉट कुक्ड मील योजना के अंतर्गत भोजन दिया जाएगा।
मेन्यू के अनुसार बाजना केंद्र पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने खिचड़ी बनाई। बाल संरक्षण आयोग अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा ने बच्चों की थाली में खुद सलाद के साथ खिचड़ी परोसी। गर्म खिचड़ी खाकर बच्चे खुश हो गए। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि योजना को एक दिसंबर से शुरू किया जाना था। शुक्रवार को सीएम द्वारा योजना का शुभारंभ अयोध्या में किया गया है। इसी वजह से जनपद में भी आंगनबाड़ी केंद्र पर योजना की सांकेतिक शुरुआत कर दी गई है। बाल विकास परियोजना राया के आंगनवाड़ी केंद्र झंडीपुर, फरह के आंगनबाड़ी केंद्र सोनौरा पर बच्चों को योजना के तहत भोजन वितरित किया गया।
अभी तक नहीं खरीदे गए हैं बर्तन
सीएम के निर्देश पर जनपद में सांकेतिक तौर पर योजना का शुभारंभ कर दिया गया है, लेकिन अभी बर्तन, गैस चूल्हा, सिलिंडर समेत अन्य सामान की खरीद नहीं हो पाई है। जिला कार्यक्रम अधिकारी बुद्धि मिश्रा ने बताया कि 30 नवंबर तक सभी केंद्रों पर योजना से संबंधित सामान क्रय कर लिया जाएगा। विभाग द्वारा ग्राम प्रधान-सभासद और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के संयुक्त खातों में हॉट कुक फूड निधि भेजी जाएगी।