जिला अस्पताल में मरीज को देखते चिकित्सक।
- फोटो : जिला अस्पताल में मरीज को देखते चिकित्सक।
मथुरा। दिन में भले ही धूप हो लेकिन ठंडी हवाएं और गलन से सर्वाइकल के मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
जिला अस्पताल में प्रतिदिन स्पॉन्डिलाइटिस, लंबर स्पॉन्डिलाइटिस (रीढ़ की हड्डी के निचले हिस्से में होने वाली समस्या), सर्वाइकल नेक पेन, गठिया, कमर और गर्दन के दर्द के साथ शरीर की जकड़न के मरीज उपचार कराने आ रहे हैं। रोगियों को उपचार के साथ चिकित्सक सतर्कता बरतने की सलाह दे रहे हैं।
जिला अस्पताल में प्रतिदिन 60 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं। गर्मियों में ये संख्या 25-30 के आसपास रहती है। इनमें सबसे ज्यादा संख्या स्पॉन्डिलाइटिस (गर्दन की हड्डियों में होने वाला विकार) के मरीजों की है। लगातार कंप्यूटर या मोबाइल पर व्यस्त रहने वाले युवा भी इस बीमारी की जद में आ रहे हैं। इनकी संख्या लगभग 30 फीसदी है। इसके अलावा एड़ी और पैर में दर्द, पीठ के निचले भाग में दर्द, मोटर वाहन दुर्घटना चोटें, गर्दन में दर्द के मरीजों की संख्या अधिक है।
डॉक्टर सिद्धार्थ धनगर ने बताया कि ठंड में सर्वाइकल पेन इसलिए बढ़ जाता है, क्योंकि तापमान गिरने से मांसपेशियां सिकुड़ जाती हैं और रक्त संचार भी धीमा होने लगता है। दिन में धूप होने के चलते लोग लापरवाही कर गर्म कपड़ नहीं पहन रहे, जिस वजह से ठंड की चपेट में आकर इस तरह की दिक्कत हो रही है।