प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री विजय बहादुर पाल
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री विजय बहादुर पाल ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सीमा पर आतंकवादी हमला कर रहे हैं। सैनिक मारे जा रहे हैं, लेकिन केंद्र की सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। यमुना और गंगा के प्रदूषण की स्थिति में कोई परिवर्तन नहीं हुआ। स्थिति जस की तस है। महंगाई और अराजकता की स्थिति से जनता कराह रही है।
शनिवार को चंपा अग्रवाल इंटर कॉलेज में एनएसएस के स्थापना दिवस पर शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री विजय बहादुर पाल ने भाजपा और उसकी नीतियों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने छात्राओं का आह्वान किया कि वे किसी प्रकार गलत शब्दों के जालों में न फंसें और वर्तमान कंपटीशन के युग में उच्च योग्यता हासिल कर राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनें। छात्र समय की उपयोगिता समझें। योग्यता के आधार पर ही वे ऊंचाइयों को छू सकते हैं। शिक्षा मंत्री ने आगामी बोर्ड परीक्षा को नकल विहीन संपन्न कराने सहित शिक्षा माफियाओं पर शिकंजा कसने के संकेत दिए।
इससे पहले माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री ने राष्ट्रीय सेवा योजना का ध्वज फहराकर और मां सरस्वती व स्वामी विवेकानंद के चित्रों पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। छात्रों को शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में उप शिक्षा निदेशक आरपी शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक इंद्र प्रकाश, डा. देशराज सिंह, बीके उपाध्याय, अक्षय भारद्वाज सहित स्कूली छात्र-छात्रा उपस्थित रहीं। संचालन मनवीर सिंह ने किया।