जवाहरबाग हिंसा की जांच कर रही सीबीआई ने बुधवार को एसपी क्राइम राजेश सोनकर सहित कई लोगों से पूछताछ की। हाईकोर्ट की नाराजगी के बाद सीबीआई ने जांच तेज कर दी है। अगली सुनवाई से पहले सीबीआई कई बिंदुओं पर पड़ताल कर लेना चाहती है।
जवाहरबाग में दो जून को हुई हिंसा में दो पुलिस अधिकारियों सहित 29 लोगों की मौत हो गई थी। हाईकोर्ट ने दो मार्च को इस हिंसा की जांच सीबीआई को सौंपी थी। तभी से सीबीआई पूरे मामले की पड़ताल कर रही है। दो दिन पहले ही सीबीआई ने इस केस की स्टेटस रिपोर्ट हाईकोर्ट में दाखिल की है। इस रिपोर्ट पर हाईकोर्ट ने नाराजगी जताते हुए जांच टीम को फटकार लगाई है। कोर्ट की सख्ती के बाद सीबीआई की जांच में अचानक तेजी आ गई है। बुधवार को सीबीआई के अधिकारियों ने एसपी क्राइम से पूछताछ की। कई दूसरे लोगों से भी केस के संबंध में जानकारी की गई।
विज्ञापन
दो जून वाले दिन जो अफसर जवाहरबाग में गए थे और उनकी मौजूदा तैनाती मथुरा में ही है उनसे भी हिंसा के बारे में सिलसिलेवार पूछा गया। अब जेल में बंद कब्जाधारियों से पूछताछ की जाएगी। हालांकि 20 से ज्यादा से पूछताछ हो चुकी है। लेकिन जिन कब्जाधारियों को मथुरा की जेल से आसपास की जेलों में शिफ्ट कर दिया गया था अब उनसे पूछताछ की जाएगी।
अब सीबीआई कराएगी डीएन की जांच
मथुरा। रामवृक्ष की मौत का वैज्ञानिक आधार पेश करने के लिए अब सीबीआई अपने स्तर से डीएन टेस्ट कराएगी। इसकी प्रक्रिया शुरू की जा रही है। लखनऊ प्रयोगशाला से सैंपल मांगे गए हैं। माना जा रहा है कि रामवृक्ष के बेटे के खून और बाल के जो सैंपल लिए गए थे उन्हें हैदराबाद की प्रयोगशाला में भेजा जाएगा।