जवाहरबाग हिंसा की जांच कर रही सीबीआई की टीम ने बुधवार को उद्यान विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ की। इन लोगों से पूछा गया कि कब्जाधारियों को लेकर प्रशासन को कब- कब रिपोर्ट दी गई।
जवाहरबाग हिंसा की जांच कर रही सीबीआई हर बिंदु पर रिपोर्ट तैयार कर रही है। पुलिस से सभी एफआईआर की कापी ले ली गई हैं। खुफिया विभाग से उन रिपोर्ट को मांगा जा रहा है जो प्रशासन को दी गई थीं। जवाहरबाग का भी निरीक्षण कर लिया गया है। बुधवार को सीबीआई की टीम ने उद्यान विभाग वालों से जाना कि जब रामवृक्ष और दूसरे कब्जाधारी पहुंचे थे तो उन्होंने प्रशासन को कब-कब रिपोर्ट दीं। उन रिपोर्ट पर अधिकारियों ने क्या एक्शन लिया।
कब मुकदमा दर्ज कराया गया। करीब एक घंटे तक इन लोगों से विभिन्न पहलुओं पर जानकारी ली गई। बताया जाता है कि पुलिस और प्रशासनिक अफसरों से भी मिलकर जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस में उन लोगों से भी पूछताछ की जाएगी जो जवाहरबाग को खाली कराने के लिए एसपी सिटी के साथ जवाहरबाग में गए थे। इनमें पुलिस अधिकारियों के साथ कांस्टेबल भी हैं।