सेवा कर विभाग के अफसरों ने बुधवार को शहर में रिएल एस्टेट कारोबारी के यहां कार्रवाई की। यहां फर्मों का रजिस्ट्रेशन न होने के चलते लंबी पूछताछ के साथ ही पड़ताल की गई। अफसरों की जांच-पड़ताल देर रात तक जारी थी। सेवा कर विभाग के अफसरों की इस कार्रवाई से रिएल एस्टेट कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
केंद्रीय उत्पादन एवं सीमा शुल्क बोर्ड की टीम ने शहर के प्रतिष्ठित रिएल एस्टेट कारोबारी देवीदास गर्ग के डैंपियर नगर स्थित कार्यालय (मुकंद उत्सव के सामने) और आवास पर कार्रवाई की। इनके यहां रिएल एस्टेट कारोबार कर रही फर्मों द्वारा सेवा कर की चोरी की शिकायत थी। टीम ने कई घंटों लंबी पूछताछ की। बताया गया कि यहां कुछ फर्मों का विभाग में रजिस्ट्रेशन ही नहीं था। इस पर फर्मों का रजिस्ट्रेशन भी किया गया। अफसर देर रात तक कर का आकलन कर रहे थे।
इसके बाद टीम ने ऊषा किरन प्लाजा स्थित माहेश्वरी एसोसिएट पर भी पड़ताल की। यह फर्म प्लॉट, फ्लैटों की बिक्री करती है। इनके यहां भी सेवा कर संबंधी शिकायतें मिल रहीं थीं। अफसरों ने बिक्री के प्रपत्रों की जांच की है। सेवा कर विभाग की इस कार्रवाई से शहर में हड़कंप मचा रहा। कारोबारी फोन पर टीम की लोकेशन लेते रहे।