न बैंकों में रकम मिली और न ही एटीएम में
- फोटो : अमर उजाला
बैंकों में कैश की किल्लत के चलते बुधवार को भी मारामारी रही। अधिकांश शाखाओं में मात्र जमा करने का कार्य ही हुआ। इधर, शादी वाले घर के परिवारीजनों को ढाई लाख की नकदी का आदेश भी कागजी ही साबित हुआ। बैंक ने कैश खत्म होने का बोर्ड लगाकर पल्ला झाड़ लिया।
विकास प्राधिकरण कार्यालय निकट एसबीआई शाखा में बेटी की शादी का कार्ड लेकर पहुंचे गांव उऊमरी निवासी महावीर सिंह ने बताया कि अनुमति के बाद भी नकदी नहीं मिली। बैंककर्मी कह रहे हैं कि कैश खत्म हो गया। केआर कालेज सिंडीकेट बैंक शाखा में भी कुछ ऐसा ही हाल है। यहां कई दिनों से कैश न आने से लोग परेशान हैं।
इसके अलावा शहर के अधिकांश एटीएम में भी कैश खत्म है। जहां नकदी निकल रही है वहां लंबी कतारें लगी हैं। गांव ओल में कई दिन से सिंडीकेट बैक शाखा में धन न होने से लोग परेशान हैं। यहां तीन बैंकों के एटीएम हैं, लेकिन सभी खाली पड़े हैं। इसके चलते लोग अपनी जरूरत भर का सामान भी नहीं खरीद पा रहे हैं।
एसबीआई ने मोबाइल एटीएम लगाया
भारतीय स्टेट बैंक ने पर्यटकों की सुविधा के लिए श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर में मोबाइल एटीएम से कैश निकासी की व्यवस्था की। इस दौरान मुख्य प्रबंधक नवल अग्रवाल, समन्वयक नरेश शर्मा, सुंदरलाल, सुरेंद्र आदि मौजूद थे।