मथुरा। बाल संत अभिनव अरोड़ा को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से धमकी मिलने के बाद बाल संत की मां ने शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। केस दर्ज होने के बाद साइबर सेल जिन मोबाइल नंबरों से धमकी और मैसेज आए उनकी डिटेल निकाल रही है।
कोतवाली प्रभारी उमेश चंद त्रिपाठी ने बताया कि दिल्ली की जनकपुरी स्थित चंद्रनगर निवासी बाल संत अभिनव अरोड़ा और उनकी मां ज्योति अरोड़ा वर्तमान में रिपोर्टिंग चौकी कृष्णा नगर क्षेत्र में रहती हैं। ज्योति अरोड़ा ने शहर कोतवाली में देर रात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जान से मारने का संदेश प्राप्त होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। दर्ज कराई रिपोर्ट में पीड़िता ने कहा है कि उनके नाबालिग बेटे अभिनव अरोड़ा (आध्यात्मिक वक्ता) को जान से मारने की धमकियां मिल रहीं हैं।
अभिनव को अक्तूबर की शुरुआत में 7 यूट्यूबर्स ने सोशल मीडिया पर अपमानजनक वीडियो बनाकर बदनाम किया। उनके बेटे को लगातार ट्रोल किया जा रहा है। इसके साथ ही काफी दिनों से अलग-अलग नंबरों से जान से मारने की धमकी मिल रहीं हैं। सोमवार को उनके मोबाइल फोन पर मैसेज आया और मैसेज भेजने वाले ने स्वयं को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद मोबाइल पर बेटे को सुधारने के लिए बोला साथ ही जान से मारने की धमकी दी। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पीड़िता ने सोमवार की देर रात तहरीर दी। तहरीर में उन्होंने जो नंबर दिए हैं। वह साइबर सेल को दे दिए हैं। साइबर सेल फोन करने वालों का पता लगा रही है।
तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। अभी अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। तहरीर में जो आरोप लगाए गए हैं उनकी जांच की जा रही है। जांच में दो तथ्य मिलेंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ. अरविंद कुमार, एसपी सिटी मथुरा