वृंदावन। परिक्रमा मार्ग स्थित मोक्षधाम के पास विवादित भूमि मामले में नया मोड़ आ गया है। संतों की शिकायत के बाद डीएम के आदेश पर हुई जांच में यह भूमि ग्राम सभा के खाते में दर्ज पाई गई। जांच के बाद सर्वे लेखपाल सतीश ने ग्राम सभा की भूमि पर कब्जा करने के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
वंशीवट स्थित मोक्षधाम के पास एक प्लॉट को लेकर तीन पक्षों में विवाद चल रहा था। करीब एक सप्ताह पहले मांट तहसील के नायब तहसीलदार पंकज यादव ने सीओ सदर एवं राजस्व टीम के साथ इस जमीन पर एक पक्ष को कब्जा दिलवाया था। इस मामले में कुछ संतों द्वारा आपत्ति दर्ज कराते हुए डीएम से मुलाकात कर पूरे प्रकरण की जांच कराने की मांग की गई।
इस पर डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने सिटी मजिस्ट्रेट को मौके पर भेज कर जांच कराई, इसमें विवादित जमीन ग्राम सभा के खाते में दर्ज पाई गई। बीती रात एसडीएम मांट और सीओ सदर की टीम ने मौका मुआयना किया और जमीन पर नोटिस चस्पा कर उसमें लिखा कि यह जमीन डांगोली खादर ग्राम सभा की है। मांट तहसील के डागौली के सर्वे लेखपाल सतीश ने ताराकिशोर और उसके पुत्र नकुल, विवेक और शुभम समेत हिमांशु के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है।