सौंख (मथुरा)। गोवर्धन से गिरिराज जी के दर्शन कर लौट रहे बाइक सवारों पर सफेद रंग की कार सवार बदमाशों ने गोली चला दी। इससे बाइक पर पीछे बैठे युवक की कमर में गोली लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मामले में पुलिस ने दो नामजद तथा दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
मगोर्रा के गांव फोडर निवासी नंदकिशोर पुत्र निरंजन सिंह अपने दोस्त अजीत पुत्र महेंद्र सिंह के साथ सोमवार देर शाम गोवर्धन गिरिराज जी के दर्शन करने गए थे। रात 10 बजे दोनों युवक बाइक से दर्शन कर लौट रहे थे। तभी गोवर्धन से सफेद रंग की कार में सवार बदमाश उनके पीछे लग गए। सौंख-गोवर्धन रोड स्थित गांव नगला बारी के पास कार सवारों ने बाइक सवार युवकों पर गोली चलाई। एक गोली पीछे बैठे अजीत की कमर में लग गई। वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। कार सवार बदमाश सौंख की तरफ भाग गए। मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने अजीत को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया। घटना को लेकर पीड़ित ने मगोर्रा थाने में तहरीर दी है। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर गोवर्धन के गांव नगला मेरठिया निवासी अमित सिंह एवं पिंटू सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। चौकी प्रभारी यशपाल सिंह ने बताया कि एक व्यक्ति को गोली लगी है। पीड़ित की तहरीर पर दो नामजद सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
10 दिन से नहीं हो रही गश्त
मगोर्रा पुलिस की लापरवाही के चलते देर रात गोवर्धन-सौंख रोड स्थित गांव नगला बारी के निकट बाइक सवारों पर कार सवार बदमाशों ने गोली चलाई। घटना में अजीत गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस पिछले 10 दिन से मुख्य मार्गों पर गश्त नहीं कर रही है, न ही कोई चेकिंग की जा रही है। ऐसे में सौंख चौकी क्षेत्र में गोली चलने और चोरी की घटनाएं हो रही हैं। पुलिस चौकी सौंख की गश्त की गाड़ी पिछले पांच दिन से खराब है। अगर चौकी प्रभारी कस्बा के जुडे़ मुख्य मार्गों पर पुलिस के साथ गश्त करते तो गोली चलने की घटना शायद नहीं होती। फिलहाल सौंख क्षेत्र में पुलिस का ध्यान अपनी सुरक्षा व्यवस्था पर नहीं है।