मथुरा। हाईवे थाना क्षेत्र स्थित भरतपुर रोड पर रविवार रात कार चालक ने सड़क किनारे खड़े चचेरे भाइयों को टक्कर मार दी। हादसे में एक की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
रविवार रात नौ बजे के करीब भरतपुर रोड स्थित सैनिक स्कूल के सामने गांव अड़ूकी निवासी देवेंद्र (25) पुत्र राजेंद्र चचेरे भाई विकास व गांव के ही राजेंद्र के साथ खड़े होकर बात कर रहा था। तभी तेजगति से आती कार ने तीनों को टक्कर मार दी।
कार की टक्कर से देवेंद्र की मौत हो गई, जबकि विकास व राजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक के चचेरे भाई दारा सिंह ने बताया कि देवेंद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि विकास व राजेंद्र का अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया कि दुर्घटना करने वाली चालक भाग गया, कार को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।