कोसीकलां। आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बठैन गेट फ्लाईओवर पर तेजरफ्तार कैंटर खड़े कंटेनर में पीछे से घुस गया। दुर्घटना इतनी जबर्दस्त थी कि कैंटर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। इससे राजमार्ग पर जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव निकलवा कर पोस्टमार्टम को भेजा और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
सुबह करीब 5 बजे गांव खेड़ा खलीलपुर, रोजकामेव, नूंह, हरियाणा निवासी चालक महेश कैंटर लेकर आगरा से दिल्ली की ओर जा रहा था। बठैनगेट के समीप कंटेनर खराब होने के चलते चालक ने रोड किनारे खड़ा कर मिस्त्री की व्यवस्था में जुटा हुआ था। पीछे से जा रहा कैंटर हाईवे पर बठैन गेट पुल के समीप खराब खड़े कंटेनर में पीछे से जा टकराया।
कैंटर की केबिन क्षतिग्रस्त होने से चालक उसमें फंस गया। इसके चलते राजमार्ग पर जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद कैंटर चालक महेश को बाहर निकलवाकर उपचार के लिए सीएचसी में भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।