मथुरा। मथुरा संसदीय सीट से चुनाव लड़ने वाले बाहरी प्रत्याशियों में सिर्फ पार्टी समर्थित ही नहीं है बल्कि निर्दलीय भी शामिल हैं। मंगलवार को छह उम्मीदवारों ने पर्चा खरीदा, इनमें से चार निर्दलीय व दो पार्टी समर्थित हैं। चार में से एक निर्दलीय जौनपुर और दूसरी महिला लखनऊ की है। वहीं, दिल्ली के एक व्यक्ति ने पार्टी के नाम से पर्चा खरीदा। अब तक 34 नामांकन पत्रों की बिक्री हो चुकी है। इनमें 18 निर्दलीय हैं। अन्य खरीदार पार्टियों से संबंधित हैं।
पूर्वी दिल्ली के जयराम लाल दास ने राष्ट्रीय रिपब्लिक पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर पर्चा खरीदा है। वहीं, लखनऊ की रश्मि यादव, जौनपुर के संतोष कुमार द्विवेदी ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर पर्चा खरीदा है। इनके अलावा मथुरा के होली गेट निवासी कमलकांत शर्मा, कंस टीला के प्रमोद कृष्ण गोस्वामी, पुष्पा महाराज, राया के सुरेश चंद्र ने निर्दलीय के तौर पर पर्चा खरीदा है। राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के सुरेश चंद बघेल और निर्दलीय रवि वर्मा ने मंगलवार को नामांकन पत्र दाखिल किया।