कोसीकलां। पड़ोसी दुकानदार की पत्नी के कैंसर के इलाज के नाम पर उसकी आर्थिक मदद करना एक व्यापारी को भारी पड़ गया। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि करीब नौ लाख रुपये उधार लेकर आरोपी परिवार सहित मकान खाली कर भाग गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गोपाल नगर निवासी योगेश सोनी ने बताया कि उनका एक व्यापारी अनिल कुमार और उसके भाई मुकेश कुमार से परिचय था। आरोप है कि अनिल की पत्नी के कैंसर के इलाज का हवाला देकर उनसे करीब नौ लाख रुपये उधार लिए। बाद में 30 जून 2026 तक पूरी रकम लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन 29 मई की रात दोनों भाई अपने परिवार के साथ मकान खाली कर फरार हो गए।
योगेश सोनी ने आरोप लगाया है कि आरोपियों को भगाने में भगवत प्रसाद, कृपा देवी, बेबी, सोनू (आलू वाला), प्रेमप्रकाश के अलावा परिवार के अन्य सदस्यों की भी भूमिका रही। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद