सोने-चांदी के आभूषणों को खरीदने की मची रही होड़
- फोटो : अमर उजाला
धनतेरस पर दिन भर धन की बरसात होती रही। कार के शोरूमों पर मुहूर्त के अनुसार गाड़ी की चाबी लेने के लिए ग्राहकों की कतार लगी रही। सराफा बाजार भी दिन भर गुलजार रहा। देर शाम तक रिकॉर्ड 325 कारों की बिक्री रिकॉर्ड की गई। सिलसिला जारी था।
धनतेरस को लेकर बाजार में सुबह से ही उत्साह था। कार के शोरूम पर बुक कारों की डिलिवरी के लिए ग्राहक कतारबद्ध रहे। सभी अपने-अपने मुहूर्त पर कार लेने की बारी का इंतजार कर रहे थे। मथुरा में 400 कारों की बिक्री का अनुमान सटीक रहा। देर शाम तक 325 कारों की डिलिवरी हो चुकी थी। तीन हजार से अधिक बाइक और स्कूटरों की बिक्री रिकार्ड की गई।
सराफ बाजार भी सुबह से ही गुलजार था। डायमंड की ज्वेलरी, सोने के आभूषण और चांदी के लक्ष्मी गणेश, सिक्का, डॉलर इस बाजार का मुख्य आकर्षण रहे। अकेले धनतेरस पर ही बाजार के कारोबार का आंकड़ा 5 करोड़ को पार कर गया।
इलेक्ट्रानिक आइटमों को लेकर भी बाजार में खासा क्रेज है। धनतेरस के दिन इन आइटमों की खरीद को लेकर भी लोग उत्साहित नजर आए। शहर में कलर टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन की खरीद की होड़ मची रही। ये कारोबार तीन करोड़ का आंकड़ा पार कर गया। इसके अलावा रेडीमेड शोरूम, स्टील के बर्तन के साथ ही लोगों ने घर की जरूरत के सामान की भी जमकर खरीदारी की।