मथुरा। शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में शामिल दरेसी रोड पर सोमवार को नगर निगम ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अवैध दुकानों को ध्वस्त कर दिया।
सोमवार को सहायक नगर आयुक्त राकेश त्यागी के नेतृत्व में प्रवर्तन दल की टीम दरेसी रोड पर मुख्य मार्ग की सरकारी भूमि पर अवैध रूप से पक्का निर्माण कर दो दुकानों को तोड़ने के लिए पहुंच गई। दुकान बनने के कारण सड़क संकरी हो गई थी और क्षेत्र में आए दिन जाम की समस्या उत्पन्न हो रही थी। स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद निगम ने मामले की जांच कर कार्रवाई की योजना बनाई। निगम की टीम मौके पर पहुंची तो कुछ लोगों ने विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की मौजूदगी और अधिकारियों के सख्त रुख के चलते वह पीछे हटने पर मजबूर हो गए। इसके बाद बुलडोजर की मदद से दोनों अवैध दुकानों को कुछ ही मिनटों में ध्वस्त कर दिया गया।
नगर निगम की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अतिक्रमणकारियों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई का स्वागत किया। सहायक नगर आयुक्त राकेश त्यागी ने कहा कि शहर में सरकारी भूमि और सार्वजनिक मार्गों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अन्य अतिक्रमणकारी स्वयं अपने अवैध निर्माण हटा लें, अन्यथा नगर निगम उनके खिलाफ भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करेगा। कार्रवाई में आने वाला खर्च भी संबंधित लोगों से वसूला जाएगा।